ये क्या ! कटिहार के विधायक तारकिशोर बनेंगे बिहार के उपमुख्यमंत्री ?
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद कटिहार के विधायक तारकिशोर प्रसाद को भाजपा विधायक दल के नेता चुना गया है। भाजपा के इस निर्णय के बाद अब लम्बे अरसे तक उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान सुशील कुमार मोदी की इस पद से छुट्टी तय मानी जा रही है।
भाजपा की ओर से हालांकि इस बाबत कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उपमुख्यमंत्री मोदी ने भावुक ट्वीट कर भाजपा का आभार जताया है।
सुशील कुमार मोदी ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा, “भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया कि शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा। आगे भी जो जिम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूंगा। कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में तारकिशोर प्रसाद को नेता और रेणु देवी को उपनेता बनाए जाने पर बधाई देते हुए लिखा, “नोनिया समाज से आने वाली बेतिया से चौथी बार विधायक बनी रेणु देवी के भाजपा विधान मण्डल दल के उप नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर हार्दिक बधाई। तारकिशोरजी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिश: बधाई।”
इससे पहले राजग विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। नीतीश कुमार सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।