भारत ने श्रीलंका में तमिलनाडु के मछुआरों की हत्या पर रोष जताया
नई दिल्ली। भारत ने श्रीलंका में तमिलनाडु के मछुआरों की हत्या की घटना पर रोष जताया है।
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने श्रीलंका में भारत के मछुआरों की हत्या की घटना पर रोष जताते हुए कहा कि इस घटना को श्रीलंकाई सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया गया है और विशेष तौर पर यह मामला तो कतई स्वीकार्य नहीं है।
श्री जयशंकर ने यह बयान उस समय दिया जब तमिलनाडु के राजनीतिक दलों ने राज्य के चार मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा बीच समुद्र में कथित तौर पर हत्या कर दिये जाने का मामला सदन में उठाया।
इसके पहले यह मामला उठाते हुए द्रमुक के तिरुचि शिवा ने कहा कि तमिलनाडु के चार मछुआरों के गायब होने की 19 जनवरी को खबर आई ओर चार दिन बाद श्रीलंकाई नौ सेना ने सूचना दी कि उनके शव पाक जलसंधि में बरामद किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई नौ सेना ने दावा किया कि मछुआरों के नाव ने उनके जहाज में टक्कर मार दी थी, लेकिन श्रीलंकाई नौसेना ने मछुआरों पर हमला कर उन्हें मार दिया।
श्री शिवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस घटना को गंभीरता से लें और यह विश्वास दिलायें कि मछुआरे जब भी मछली पकड़ने जाएंगे तो उन्हें कुछ नहीं होगा।
भारत ने श्रीलंका में तमिलनाडु के मछुआरों की हत्या पर रोष जताया