बिहारी दंगल : श्याम रजक राजद में शामिल
नई दिल्ली। बिहार सरकार में मंत्री श्याम रजक ने विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी बदल ली है। वह अब पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल(राजद) का झंडा बुलंद करेंगे। 11 साल पहले भी वह राजद में ही थे। रजक महादलित समुदाय से आते हैं और इस समुदाय में इनका अच्छा खासा प्रभाव है।
श्याम रजक को राजद नेता और लालू पुत्र तेजस्वी यादव ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। इससे पहले रजक को जदयू ने पार्टी से निकाल दिया था। आज सुबह ही उन्होंने अपनी विधायकी से भी इस्तीफा दिया था।
इस मौके पर उन्होंने कहा,”सबसे पहले मैं तेजस्वी यादव का धन्यवाद करता हूं। मैं आज अपने घर में वापस आकर भावुक हो गया। हर समय कोशिश किया की सामाजिक न्याय की लड़ाई को जारी रखा जाए। मैंने इसीलिए राजनीति में प्रवेश किया था। हमारे नेता लालू प्रसाद यादव ने ही हमें बताया था कि सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ते रहना है। जदयू में यह लड़ाई कमजोर पड़ रही थी।”