kukrukoo
A popular national news portal

पृथ्वीराज से लेकर रणबीर कपूर तक के साथ किया काम, गूगल के डूडल ने किया इन्हें सलाम : जोहरा सहगल

बॉलीवुड जगत में कपूर खानदान बहुत फेमस है और इस कपूर खानदान की पहली पीढ़ी पृथ्वीराज कपूर से लेकर वर्तमान की पीढ़ी रणबीर कपूर के साथ काम करने वाली दिवंगत अभिनेत्री जोहरा सहगल को आज गूगल ने अपने डूडल के ज़रिए याद किया है।

आप थोड़ा अचरज में होंगे, क्योंकि आज न जोहरा सहगल का जन्मतिथि है और न ही पुण्यतिथि, लेकिन इसके बावजूद गूगल ने उन्हें याद किया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल करने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री जोहरा सहगल की फिल्म ‘नीचा नगर’ 29 सितंबर, 1943 को कांस फिल्म महोत्सव में रिलीज हुई थी।

इस फिल्म महोत्सव में जोहरा सहगल की इस फिल्म ने सबसे बड़ा अवॉर्ड पाल्मे डी’ओर जीता था। गूगल द्वारा उनके लिए बनाए गए इस विशेष डूडल में जोहरा सहगल क्लासिकल डांस की मुद्रा में हैं। उनके पीछे फ्लोरल बैकग्राउंड है। जोहरा सहगल के गूगल डूडल को कलाकार पार्वती पिल्लई ने डिजाइन किया है।

अपने करियर में उन्होंने पृथ्वीराज कपूर, अशोक कुमार, देव आनंद, गोविंदा, शाहरुख खान, सलमान खान, अमिताभ बच्चन और रणबीर कपूर तक के साथ काम किया है। वह एक ऐसी अदाकारा हैं, जो अपने अभिनय में कभी बूढ़ी नहीं हुईं। आइए, जानते हैं इनके जीवन से जुड़े कुछ रोचक तथ्य।

* बॉलीवुड की बेस्ट दादी माने जाने वाली जोहरा सहगल का जन्म 27 अप्रैल, 1912 को उत्तर प्रदेश में हुआ था। उनका पूरा नाम साहिबज़ादी बेगम जोहरा मुमताजुल्ला खान था। वह जर्मनी के इस तरह वो जर्मनी के ‘मैरी विगमैन बैले’ स्कूल में एडमिशन पाने वालीं पहली भारतीय महिला बनीं।

* अपनी कला से शोहरत पाने वालीं जोहरा ने दिग्गज नृतक उदय शंकर के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

* भारत के विभाजन के बाद वो अपने पति कामेश्वर सहगल के साथ बॉम्बे (जिसे अब मुंबई कहा जाता है।) आ गईं। उन्होंने इसके बाद पृथ्वी थियेटर में काम किया। एक अदाकारा के तौर पर उस वक्त उनका मासिक वेतन 400 रुपये था

* पृथ्वी थिएटर के अलावा जोहरा इप्टा की भी सदस्य थीं। इप्टा ने द्वारा ख्वाजा अहमद अब्बास के निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘धरती के लाल’में उन्होंने बतौर हिरोइन काम किया। इप्टा द्वारा ही जोहरा को चेतन आनंद की ‘नीचा नगर’ में भी काम मिला। इसके बाद वो अपने नृत्य के अनुभव के तहत फिल्मों में कोरियोग्राफी भी करने लगीं। पृथ्वीराज कपूर से लेकर ऋषि कपूर और उसके बाद उनके बेटे रणबीर कपूर की पहली फिल्म ‘सांवरिया’ तक में जोहरा सहगल ने काम किया। ऐसे में उन्होंने कपूर खानदान की चार पीढ़ियों के साथ काम किया।

* जोहरा सहगल को उनके बेहतरीन काम के लिए 1998 में पद्मश्री, 2001 में कालीदास सम्मान, 2004 में संगीत नाटक अकादमी और 2010 में दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। संगीत नाटक अकादमी ने उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के तौर पर अपनी फेलोशिप भी दी।

* अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने ‘द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस’, ‘बैंडइट लाइक बैकहम’जैसी कई फिल्मों में काम किया। इसके अलावा, उन्होंने कई अंग्रेज़ी टीवी सीरियलों में भी काम किया, जिसमें ‘द ज्वेल इन दि क्राउन’, ‘तंदूरी नाइट्स’ और ‘माइ ब्यूटिफुल लांड्रेट’ शामिल है।

* दिल्ली में 10 जुलाई, 2014 को दिल का दौरा पड़ने से जोहरा सहगल का निधन हो गया। वह 102 साल की थीं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like