दुनिया की बेहतरीन टीमों को कड़ी टक्कर दे सकती हैं भारतीय महिला हॉकी टीम : धनराज पिल्ले
नई दिल्ली। भारतीय हॉकी के दिग्गज धनराज पिल्ले का मानना है कि भारतीय महिला हॉकी टीम दुनिया की बेहतरीन टीमों को कड़ी टक्कर दे सकती हैं।
धनराज का मानना है कि 2021 टोक्यो ओलंपिक में रानी की कप्तानी और सविता पुनिया के समर्थन से भारतीय महिला हॉकी टीम पोडियम तक पहुंच सकती हैं।
2018 एशियाई खेलों में 25 वर्षीय खिलाड़ी रानी की कप्तानी में भारतीय टीम ने पोडियम हासिल किया था और इसकी बदौलत लगातार दूसरी बार टीम ने ओलंपिक में जगह बनाई। क्वालीफायर में भारत की सबसे अनुभवी गोलकीपर माने जाने वाली सविता ने अहम भूमिका निभाई थी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के खेल के बारे में धनराज ने कहा, “रानी के रूप में हमारे पास बेहतरीन कप्तान है। मुझे लगता है कि रानी और सविता के नेतृत्व में टीम अगले साल होने वाले ओलंपिक खेलों में पोडियम हासिल कर सकती है।”
चार ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले एकमात्र भारतीय हॉकी खिलाड़ी रहे धनराज ने कहा, “हॉकी के खेल का स्तर काफी बढ़ गया है। जहां, तक शारीरिक क्षमता की बात है, तो भारतीय हॉकी खिलाड़ी दुनिया की बेहतरीन टीमों को कड़ी टक्कर दे सकते हैं।”
धनराज ने एक ऑनलाइन चैट शो ‘इन दि स्पोर्टलाइट’ में टेबल टेनिस खिलाड़ी मुदित दानी के साथ साक्षात्कार में ये बातें कहीं।
धनराज का ये भी मानना है कि आज के उनके ज़माने की हॉकी और आज के हॉकी के खेल में बेहद अंतर है। फिटनेस क्षमताओं के आधार पर देखा जाए, तो आज की भारतीय हॉकी टीम की तुलना आस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स जैसी टीमों के साथ की जा सकती है।