दीपोत्सव 2020 : इस बार की दीपावली अयोध्या वाली
अयोध्या। राम मंदिर के पक्ष में उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद 492 वर्ष के बाद रामजन्मभूमि परिसर में पहली दीपावली भव्य तरीके से मनाई जाएगी।
इस बार पाँच लाख से अधिक दीये प्रज्ज्वलित किये जायेंगे। ये दीये गोबर और मिट्टी से निर्मित होंगे। परिसर के साथ रामलला के गर्भगृह को फूलों से सजाया गया है। विभिन्न स्थानों पर सजी रंगोली अवधी संस्कृति को बयां कर रही है। कनक भवन ,हनुमान गढ़ी को भी भव्यता के साथ सजाया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं श्रीराम जन्मभूमि पहुंच कर रामलला के दर्शन करेंगे और वहाँ दीप प्रज्ज्वलित करेंगें। मुख्यमंत्री योगी अयोध्या की दीपावली और दीपोत्सव को लेकर काफी सचेत हैं, वह अयोध्या की दीपावली में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते।
पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी के अनुसार कोरोना नहीं होता तो करोड़ों लोग इस कार्यक्रम में हिस्सा लेते। पिछले पाँच सौ साल में पहली बार इतनी धूम धाम से अयोध्या में इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
अयोध्या में दीपोत्सव पर इस बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया की गहरी छाप नज़र आयेगी। दीपोत्सव से आम जनता को वर्चुअल रूप से जोड़ने की कवायद चल रही है। इसके जरिये दीपोत्सव का उल्लास रामनगरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे विश्व में इसकी कांति फैलाने की तैयारी है। इतिहास में यह पहली बार होगा जब राम जन्म भूमि परिसर में वर्चुअल रूप में कोई भी व्यक्ति दीये जला सकता है। आतिशबाजी भी वर्चुअल होगी।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के ट्विटर अकाउंट से ‘ एक दीया तेरा भी’ नाम का एक अभियान चल रहा है। इसके तहत रामनगरी के प्रमुख मंदिरों, सरयू नदी, प्रमुख द्वारों की सजावट के दृश्य अपलोड किये जा रहे हैं। लोगों को एक दीया जलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ट्विटर पर अभी से हैशटैग” दीपोत्सव 2020″ ट्रेंड करने लगा है। ‘ दीपावली अयोध्या वाली’ और ” मेरा दीपोत्सव” जैसे तमाम हैशटैग भी ट्रेंड कर रहे हैं।