kukrukoo
A popular national news portal

गिरफ्तार चीनी सैनिक को भारत ने लौटाया

विनोद कुमार
नई दिल्ली। पूर्वी लद्दाख के डेमचोक इलाके में सीमा पर गिरफ्तार किये गये चीनी सैनिक को भारत ने चीन को वापस लौटा दिया।

भारत ने इस चीनी सैनिक को चुशूल मोलड़ो सीमा पर चीनी सैन्य अधिकारियों के हवाले कर दिया।
अपने सैनिक की रिहाई के बाद चीन के रक्षा मंत्रालय ने बीजिंग में जारी एक बयान में कहा कि चीनी सैनिक को भारत ने सकुशल सौंप दिया और वह कल सुबह चीनी सैनिक छावनी में पहुंच गया। यह सैनिक याक का पीछा करते हुए गलती से लाइन ऑफ कंट्रोल को पार कर गया था।

गौरतलब है कि चीनी सैनिक बीते 19 अक्टूबर को भटक कर डेमचोक इलाके में भारत की सीमा में प्रवेश कर गया था, जिसके बाद भारतीय सुरक्षा बलों ने उसे हिरासत में ले लिया था। पकड़े जाने के बाद भारतीय सेना ने उसे तत्काल चिकित्सा मदद, गरम कपड़े और भोजन भी दिया था।

चीन ने अपने सैनिक के लापता होने की जानकारी एलएसी पर भारतीय सेना को देते हुए उसकी खोजबीन का अनुरोध किया था। चीनी सेना के अपने लापता सैनिक को लेकर अनुरोध आने पर प्रोटोकॉल के तहत सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सौंप दिया गया।

भारत और चीन के बीच एलएसी पर सैन्य टकराव को टालने के लिये पिछले कई महीनों से चल रही कमांडर स्तर की वार्ताओं में अभी तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका है। दोनों देशों की सेनाएं एलएसी पर बड़ी संख्या में तैनात हैं।
गिरफ्तार चीनी सैनिक को भारत ने लौटाया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.

You might also like